ककोर। गांव आजादपुर स्थित पुलिया के पास रविवार रात दो बाइकों की सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दूसरा बाइक सवार मौके से भाग गया। पुलिस जांच में जुट गई है।
थाना क्षेत्र के गांव जौंरा निवासी हरिओम (27) रविवार को घर से गांव दहगांव जा रहा था। वहां लिंटल मशीन का काम चल रहा था। गांव आजादपुर स्थित पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक की उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में हरिओम के सिर और पैरों में गंभीर चोट आई है।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस के टोल फ्री नंबर पर कॉल की, आरोप है कि एंबुलेंस नहीं पहुंचने पर परिजन निजी वाहन से अस्पताल ले गए। जानकारी पर बबीना चौकी प्रभारी अनिल सिंह मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी निरीक्षक रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की जानकारी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।