अछल्दा। अछल्दा-महेवा मार्ग बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास तेज रफ्तार बोलेरो से बाइक की टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार दो लोग जख्मी हो गए। हेलमेट पहनने से बाइक के चालक को सिर में चोट नहीं आई। उसके पीछे बैठे युवक को सिर में गंभीर चोट आई है। दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से सैफई रेफर कर दिया गया।
हादसा सोमवार की शाम 5:30 बजे महेवा मार्ग पर हुआ। अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव छछुंद में बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के पास बोलेरो से बाइक को टक्कर लग गई। टक्कर लगने बाद बाइक सवार दोनों युवक जख्मी हालत में पड़े रहे। आसपास मौजूद किसी ने मदद नहीं की। किसी ने सूचना दी तब पुलिस पहुंची।
तब तक बाइक सवार जुआ निवासी महेंद्र और उसका साथी जख्मी हालत में सड़क पर तड़पते रहे। थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह ने 108 पर कॉल करके एंबुलेंस को बुलवाया। उसके दोनों घायल युवकों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉ. गौरव ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को सैफई रिफर कर दिया। पुलिस बाइक और बोलेरो को थाने में ले आई । थाना प्रभारी ब्रजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।