बरामद बाइकों के साथ खड़े आरोपी। स्रोत: पुलिस
औरैया। सहायल थाना पुलिस ने दो अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की पांच बाइकें बरामद की हैं। पूछताछ के आरोपियों ने बताया कि वह चोरी करने के बाद बाइकों की नंबर प्लेट बदल देते थे। इसके बाद मौका पाते ही चोरी की बाइकों को सस्ते दामों में बेच देते थे।
क्षेत्राधिकारी सिटी शैलेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि तीन अगस्त को सहायल थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह पुलिस टीम के साथ थुलपिया चौराहे पर संदिग्ध वाहन व व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। तभी सूचना मिली दो व्यक्ति चोरी की बाइक लेकर गांव भैंसोड़ी की तरफ से आ रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दो अलग-अलग बाइकों पर सवार युवकों को पकड़ा। पूछताछ करने पर आरोपियों ने कबूल किया कि दोनों गाड़ियां चोरी की हैं। इसके बाद उनकी निशानदेही पर गांव भैंसोड़ी में छिपाई गई तीन अन्य चोरी की बाइकों को बरामद कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहायल थाना क्षेत्र के गांव भैंसोड़ी निवासी प्रान्सू व लालू के रूप में हुई। बरामद बाइकों के तार फिरोजाबाद के जसराना, आगरा के एत्मादपुर और एटा कोतवाली नगर से जुड़े पाए गए हैं, आरोपियों ने इन जिलों से ही बाइकों को पार किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कोर्ट में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।