फोटो-24एयूआरपी 01- नलकूप से मोटर निकालते पालिका कर्मी। स्रोत:कर्मी
औरैया। बिजली के वोल्टेज में उतार-चढ़ाव के बीच शहर के नगर पालिका इंटर कॉलेज स्थित नलकूप की मोटर फुंक गई। ऐसे में शुक्रवार सुबह जलापूर्ति बेपटरी हो गई। दो मोहल्लों में काफी कम पानी पहुंचा। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों की सूचना पर पालिका के कर्मचारी नलकूप पहुंचे। इसके बाद फुंकी हुई मोटर को बोर से निकालने का काम शुरू किया गया।
नगर पालिका इंटर कॉलेज में बने नलकूप से शहर के फूलगंज बाजार व नरायनपुर क्षेत्र में पानी की सप्लाई जाती है। गुरुवार रात नलकूप की मोटर एकाएक चलते हुए बंद हो गई। नलकूप कर्मी की सूचना पर पालिका के कर्मी पहुंचे तो पता चला कि वायरिंग ध्वस्त हो गई है। ऐसे में शनिवार सुबह दोनों ही मोहल्लों में पानी की सप्लाई न के बराबर पहुंचे। हालांकि पालिका की ओर से नुमाइश मैदान स्थित नलकूप व पानी की टंकी की सप्लाई से इन मोहल्लों में कुछ हद तक पानी पहुंचाया गया। इसके बावजूद घरों में पानी की सप्लाई न पहुंचने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
पालिका के जलकल विभाग की टीम नलकूप पहुंची। ऐसे में फुंकी हुई मोटर को पुली के जरिए बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। यह काम देर रात तक जारी रहा। पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने बताया कि नलकूप की मोटर फुंक गई थी। जिसे बदला जा रहा है। रात में यह काम पूरा हो जाएगा। शनिवार से विधिवत पानी की सप्लाई दी जाएगी।