सड़क किनारे गड्ढे में पलटा पड़ा ट्रक।
- फोटो : सड़क किनारे गड्ढे में पलटा पड़ा ट्रक।
फफूंद (औरैया)। क्षेत्र के पाता प्लांट से प्लास्टिक का दाना लादकर जा रहा एक ट्रक अचानक सामने आए बाइक सवार को बचाने के चक्कर में पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक चला रहा खलासी घायल होकर केबिन में फंस गया।
मौके से गुजर रहे राहगीरों ने उसे बाहर निकाल कर अस्पताल भेजा। हादसा रविवार की देर शाम फफूंद कस्बे के बाईपास मोड के पास हुआ। बताया जा रहा है कि ट्रक का खलासी अजय कुमार बतौर चालक पाता पेट्रो केमिकल प्लांट से ट्रक में दाना लोड करके हैदराबाद जा रहा था।
कस्बे के बाईपास पर पहुंचते ही मोड़ पर अचानक एक बाइक सवार सामने से आ गया। इससे ट्रक चला रहा खलासी उसे बचाने के चक्कर में अपनी गाड़ी से नियंत्रण खो बैठा।
ट्रक लहराता हुआ सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में खलासी केबिन में फंस गया। राहगीरों ने घायलावस्था में उसे बाहर निकाला। ट्रक पर लदी प्लास्टिक दाने की बोरियां सड़क पर फैल गईं। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
चालक से जानकारी की तो उसने बताया कि वह ट्रक का खलासी है और गाड़ी का चालक मूसानगर में है। वह गाड़ी को वहीं ले जा रहा था। खलासी के नशे में होने की आशंका पर पुलिस ने उसे डाॅक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया।