पुल के बीच फंसा ट्रक व मौजूद यूपीडा के अधिकारी।
- फोटो : पुल के बीच फंसा ट्रक व मौजूद यूपीडा के अधिकारी।
औरैया। शनिवार की देर रात यमुना पुल पर बेकाबू एक ट्रक बैरिकेडिंग तोड़ते हुए पुल के नीचे लटक गया। मौके पर पहुंची यूपीडा की टीम जब तक क्रेन मंगवाती इससे पहले ही ट्रक 30 फीट नीचे जा गिरा।
हादसे में दतिया निवासी क्लीनर विपिन की मौत हो गई। वहीं झांसी के रक्सा निवासी चालक घायल हो गया। चालक के सो जाने पर क्लीनर गिट्टी लदा ट्रक चला रहा था।
झांसी के रक्सा निवासी ट्रक चालक फूलसिंह व मध्यप्रदेश के दतिया के मोहल्ला चूनर फाटक मोहन बाग निवासी क्लीनर विपिन (32) शनिवार शाम को झांसी से गिट्टी लादकर हरदोई के लिए निकले थे।
शनिवार की रात में जालौन के पास चालक को नींद आने पर ट्रक की स्टीयरिंग क्लीनर ने संभाल ली। देर रात को जालौन के कुठौंद थाना के रोमई गांव के पास ट्रक बेकाबू हो गया और पुल की बैरिकेडिंग तोड़कर नीचे लटक गया।
घटना की सूचना पर यूपीडा के एसओ एसपी सिंह, वीएस राठी, जन्वेद सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, यूपीडा की टीम के क्रेन मंगवाने पहले ही ट्रक 30 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में चालक व क्लीनर दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
यूपीडा कर्मियों ने दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया। यहां डॉक्टर ने क्लीनर विपिन को मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक की हालत नाजुक देखते हुए सैफई रेफर कर दिया। सदर कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। मामले में अभी तहरीर नहीं मिली है।