अछल्दा। कस्बा के आदर्श नगर पंचायत में आए दिन लोग लो वोल्टेज और जंपर उड़ने समस्या से उपभोक्ता खासे परेशान रहते हैं। आरोप है कि कई बार बिजली अधिकारियों से शिकायत किए जाने के बाद भी समस्या का समाधान न होते देख बुधवार देर रात कई उपभोक्ता सड़क पर बैठ गए।
लो वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे आदर्श नगर पंचायत के उपभोक्ता बुधवार की देर रात घर के बाहर सड़क पर बैठ गए। आक्रोशित उपभोक्ताओं का कहना है लो वोल्टेज के चलते भीषण गर्मी में कूलर, पंखा, एसी, फ्रिज कुछ भी काम नहीं कर रहे हैं। इससे बच्चों को सबसे ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने बताया कि लंबे समय से चल रही इस समस्या को लेकर कई बार बिजली अधिकारियों से भी शिकायती की, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। लो वोल्टेज के कारण इनवर्टर भी ठीक से चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। इससे उमस में बहुत दिक्कत उठानी पड़ रही है। वहीं सुबह पानी को लेकर भी गंभीर स्थिति बनी हुई है।
सड़क पर धरना देकर बैठे सभासद फिरोज खान, सभासद दीपू यादव, अखिलेश शर्मा, शहनवाज, मो.रिजवान, लालजी पोरवाल आदि ने बताया कि बुधवार ताजिया निकलने के चलते उनके क्षेत्र की आपूर्ति बंद की गई थी। जब देर रात आपूर्ति शुरू हुई तो लो वोल्टेज के चलते पंखे, कूलर व एसी कुछ भी नहीं चल पाए।जिससे खासी परेशानी उठानी पड़ी। बताया कि हरीगंज बाजार में आए दिन बिजली को लेकर कोई न कोई समस्या बनी रहती है। इस संबंध में एसडीओ आनंद गौतम ने बताया कि लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए गुरुवार को दो सौ मीटर की जर्जर लाइन को बदलवा दिया गया है। अब समस्या नहीं होगी।