अयाना में रास्ते में गिरा पेड़
- फोटो : अमर उजाला
औरैया। जिले भर में आंधी और बारिश ने तबाही मचाई। बुधवार की देर रात से अचानक आई तेज आंधी और उसके बाद बारिश ने जनजीवन अस्तव्यस्त कर दिया। दर्जनों बिजली के खंभे उखड़ गए। बिजली आपूर्ति ठप हो गई। यातायात ठहर गया। लोगों के घरों के टीन- छप्पर उड़ गए। खेतों में रखी फसल हवा में उड़ गईं। बची हुई फसल पानी में डूब गई। इससे किसानों की तो कमर टूट गई। अजीतमल क्षेत्र में पेड़ गिरने से एक महिला की मौत हो गई। फंफूद में एक गाय की करंट से मौत हो गई।
अजीतमल के भूरेपुरकला गांव में आंधी से 11 हजार वोल्टेज की लाइन टूटकर गिरने से खेतों में खड़ी गेहूं की नौ बीघा फसल जलकर खाक हो गई। शहर समेत ग्रामीण क्षेत्रों में रात से गुल बिजली सुबह 10 बजे के बाद ही आई। दर्जनों मोहल्लों में पानी का संकट छाया रहा। घरों में धूल जम गई। खानपुर चौराहे और रजा नगर के आसपास सड़क किनारे रखीं गुमटियां भी अस्तव्यस्त हो गईं। मौसम विभाग के अनुसार आंधी व पानी एमएम रिकार्ड किया गया। औरैया बिजली डिविजन के मुताबिक अजीतमल और अयाना में 20 बिजली के पोल धराशायी हो गए। रात 9 बजे से गुल बिजली आपूर्ति शहर में सुबह 10 बजे बहाल की गई। ग्रामीण क्षेत्रों में अभी काम चल रहा है। बिधूना बिजली डिविजन के एक्सईएन बीपी सिंह के मुताबिक अब तक उनके पास नुकसान की सूचना नहीं है। बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है। शहर के दर्जनों मोहल्लों में पानी का संकट भी छाया रहा। अब तक पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई। औरैया डिविजन के एक्सईएन पीराम ने 20 बिजली के पोल गिरने की पुष्टि की है। इससे बिजली सप्लाई भी ठप हो गई है।