डॉ. योगेश के घर के बाहर लगी भीड़।
- फोटो : AURAIYA
सहायल (औरैया)। हाईटेंशन लाइन के नीचे खड़े कंटेनर ट्रक में उतरे करंट की चपेट में आने से पशु अस्पताल में संविदा पर चिकित्सक की मौत हो गई। अधिवक्ता झुलस गए। इन्हें कानपुर रेफर किया गया है।
सहार पशु अस्पताल में संविदा पर चिकित्सक डॉ. योगेश (35) पुत्र अमर सिंह शनिवार देर शाम करीब पांच बजे अपने साथी एडवोकेट मोहनीश (28) पुत्र राजेंद्र के साथ बाइक से सहार से अपने गांव उमेदपुर आ रहे थे। गांव के बाहर हाईटेंशन लाइन निकली है। इसी के नीचे खड़े कंटेनर ट्रक में करंट उतर आया। इसके पास से निकल रहे दोनों लोगों को करंट लग गया। यह गभीर रूप से झुलस गए। ग्रामीणों ने इन्हें सीएचसी सहार में भर्ती कराया।
डॉक्टरों ने योगेश को मृत घोषित कर दिया। मोहनीश को गंभीर हालत में कानपुर रेफर कर दिया गया। ग्रामीणों ने बताया कि योगेश की शादी बेला थाना क्षेत्र के पृथ्वी गांव में 2008 में हुई थी। तीन बेटियां हैं। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।