फोटो-26एयूआरपी 22 - फफूंद रेलवे स्टेशन पर मौजूद यात्री। संवाद
दिबियापुर। अभी करवाचौथ को 15 दिन शेष हैं लेकिन फफूंद रेलवे स्टेशन पर ठहरने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों में रिजर्वेशन फुल हो गए हैं। ये वे ट्रेनें हैं जिनसे दिल्ली, आगरा, मथुरा व कानपुर से लेकर लखनऊ तक का सफर किया जाता है। ऐसे में अब इन एक्सप्रेस ट्रेनों से रिजर्वेशन की राह आसान नहीं होगी। जानकार बताते हैं कि त्योहार पर सीट की मारामारी को देखते हुए लोगों ने पहले से ही रिजर्वेशन करा लिए हैं। ऐसे में अब रिजर्वेशन के लिए काउंटर पर पहुंच रहे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ेगा।
फफूंद रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली नेता जी एक्सप्रेस में नौ अक्तूबर तक रिजर्वेशन फुल है। महज एक दो दिन के लिए वेटिंग शेष हैं। वहीं महानंदा एक्सप्रेस का भी यही हाल है। स्लीपर की सीटें फुल हो गई हैं। एसी कोच की कुछ सीटें खाली चल रही हैं। वहीं, ऊंचाहार एक्सप्रेस में छह अक्तूबर तक स्लीपर कोच फुल हैं। वहीं एसी की कुछ सीटें खाली हं। महानंदा एक्सप्रेस में भी स्लीपर कोंच फुल है। एसी कोंच में ही कुछ सीटें खाली हैं।
अवध एक्सप्रेस में तो करवाचौथ तक रिजर्वेशन हो चुके हैं। हालांकि गोमती में अभी वेटिंग चल रही है। फफूंद रेलवे स्टेशन के वाणिज्य पर्यवेक्षक रोहित कुमार ने बताया कि त्योहार को लेकर लोगों ने बहुतायत में पहले से ही रिजर्वेशन करा लिए हैं। कुछ ट्रेनों में एसी कोंच की सीटें खाली हैं। त्योहारी सीजन को देखते हुए स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाती हैं।