प्रसिद्ध शक्तिपीठ गहेसर स्थित महामाई मंदिर से झंडा चढ़ाकर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर ट्राली पलट गई। ट्राली में सवार तकरीबन तीन दर्जन लोग घायल हो गए। दिबियापुर सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद 28 घायलों को जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया।
ग्राम दखनाई निवासी देव सिंह का परिवार गहेसर स्थित महामाई मंदिर पर झंडा चढ़ाने गया था। देव सिंह के ही ट्रैक्टर की ट्राली पर गांव के लगभग तीन दर्जन से अधिक श्रद्धालुओं में महिला, पुरुष व बच्चे सवार थे। झंडा चढ़ाकर लौटते समय महामाई मंदिर मोड़ पर ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। इससे ट्राली पलट गई। दुर्घटना के बाद चीख पुकार मच गई।
मंदिर दर्शन को जा रहे अन्य श्रद्धालुओं ने ट्राली के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला। पुलिस को सूचना दी गई। ट्राली पलटने की घटना के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन फानन में दिबियापुर पुलिस व आसपास की चार एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंच गईं। घायलों को एंबुलेंस से दिबियापुर सीएचसी लाया गया।