फोटो-22-दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ट्राली। संवाद
दिबियापुर। ककोर स्थित प्रकाश चंद्र महाविद्यालय के सामने बृहस्पतिवार की सुबह करीब छह बजकर 10 मिनट पर डंपर ने धान बेचकर लौट रहे ट्रैक्टर को पीछे से टक्कर मार दी। ट्रैक्टर-ट्रॉली डंपर में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर जैसे ही ब्रेकर पर धीमा हुआ पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रैक्टर चालक सहायल थाना क्षेत्र के उपरेंगा गांव निवासी 22 वर्षीय पंकज पुत्र जसवंत सिंह घायल हो गया। पंकज ट्रैक्टर लेकर औरैया मंडी में धान बेचने गया था और बेचकर वापस लौट रहा था। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने घायल पंकज को चिचौली स्थित सौ शैय्या मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।