औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के जोगीपुर में बुधवार देर शाम घर के बाहर खेल रहे एक चार वर्षीय मासूम को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने कुचल दिया। गंभीर हालत में परिजन अस्पताल ले जा रहे थे मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
जोगीपुर निवासी शिवप्रसाद का पुत्र अंशू (4) बुधवार देर शाम घर के बाहर सड़क किनारे खेल रहा था। इसी बीच घर के सामने खाली पड़े खेत से आ रहे ट्रैक्टर ने मासूम को कुचल दिया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने हंगामा कर पुलिस बुला ली। जानकारी पर सीओ सुरेंद्र नाथ यादव, कोतवाली प्रभारी रवि श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। परिजनों को समझाने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। कोतवाली प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।