जालौन रोड पर जगह-जगह गड्ढे समस्या बन गए हैं। इन गड्ढों की वजह से आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है। शुक्रवार को सुबह जालौन रोड पर सड़क के बीचोंबीच गड्ढे में मंडी जा रही ट्रैक्टर ट्राली पलट गई।
ट्रैक्टर ट्राली पर सवार तीन लोगों को चोटें आईं। ट्राली पर लदा गेहूं भी सड़क पर बिखर गया। इससे यातायात एक घंटे तक बाधित रहा। इससे राहगीरों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी।
शुक्रवार को सुबह तकरीबन सात बजे जालौन के गांव कंछारीपुर व रमपुरा आदि गांव के किसान गेहूं लेकर मंडी में बेचने आ रहे थे।
जालौन रोड पर सड़क के बीच में गड्ढे में फंसकर एक ट्रैक्टर पलट गया। गेहूं व बोरे सड़क पर बिखर गए।
ट्रैक्टर ट्राली पलटने से उसमें सवार दो लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि गोविंद सिंह (42) पुत्र लालमन निवासी पूठा रमपुरा गंभीर रूप से घायल हो गए। गोविंद सिंह को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
उधर, ट्रैक्टर ट्राली पलटने से यातायात बाधित हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से ट्रैक्टर को हटाया। मंडी से पहुंचे पल्लेदारों ने गेहूं समेटा। इसके चलते एक घंटे तक यातायात बाधित रहा।
मौके पर मौजूद पल्लेदार गौतम सिंह, सोबरन सिंह ने बताया कि इस गड्ढे के कारण यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं।
उधर, इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता बीएम सिंह ने बताया कि जालौन रोड के गड्ढे की जानकारी उन्हें मिली है। शीघ्र ही गड्ढों की मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए संबंधित कर्मचारियों से कहा गया है।