थाना क्षेत्र के अरिंद नदी के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। जिससे ट्रैक्टर सवार एक किसान की मौत हो गई। हादसे की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों ने कोई भी कार्रवाई से इंकार कर दिया।
गांव बीलपुर मजरा प्रेमनगर निवासी गोरेलाल बाथम पुत्र उदयभान बुधवार की रात दूसरे के ट्रैक्टर से अपने खेत में बोवाई करने गए थे। अरिंद नदी के पास चढ़ाई अधिक होने के कारण ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर में बैठे किसान गोरेलाल बाथम की दबकर मौत हो गई।
हादसा होने के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से गायब मिला। जब गुरूवार की सुबह ग्रामीणों ने खेत में गोरेलाल बाथम का शव पड़ा देखा तो इसकी सूचना पुलिस और परिजनों को दी। परिजनों ने पुलिस को इसे महज एक हादसा बताया और कार्रवाई से इंकार कर दिया। इस संबंध में थानाध्यक्ष विनोद यादव ने बताया कि परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है।