औरैया। कानपुर-इटावा हाईवे पर शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से सड़क पर गिरे ट्रैक्टर सवार ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव माखनपुर निवासी मोतीलाल (48) और मनीष (30) शुक्रवार भोर ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर इटावा की तरफ से औरैया आ रहे थे। हाईवे स्थित गांव मिहौली ओवरब्रिज के पास पहुंचे तभी ट्रैक्टर सवार तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को जिला अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर ने मोतीलाल को मृत घोषित कर दिया वहीं मनीष का उपचार किया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। पुलिस ट्रक की तलाश में जुटी है। जानकारी पर पहुंचे परिजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि छानबीन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।