फफूंद(औरैया)। थाना क्षेत्र के दिबियापुर-फफूंद रोड पर महाराजपुर पुलिया पर एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही से ट्रैक्टर चलाते हुए सामने से आ रहीं दो बाइकों में टक्कर मार दी। जिससे बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
शनिवार की रात फफूंद निवासी तंजीम, दिलशाद और सद्दाम बाइक से दिबियापुर से वापस आ रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक महाराजपुर पुलिया के समीप पहुंची ही थी। कि तभी फफूंद की ओर से तेज रफ्तार से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मारकर भाग निकला। टक्कर के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर तेजी से भाग रहा था। तभी सामने से आ रही एक दूसरी बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दूसरी बाइक सवार अपने घर जा रहे रसूलाबाद कोतवाली में तैनात दीवान शिवराज सिंह निवासी बमहौरा महेवा गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दुर्घटना में दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस टक्कर मार कर भाग निकले ट्रैक्टर व चालक की तलाश कर रही है। (संवाद)