सदर कोतवाली क्षेत्र में ग्राम चिरूहूली के पास हाईवे पर तेज रफ्तार बस ने पीछे से ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। बस का चालक बस छोड़कर भाग गया। घटना के दौरान ट्रैक्टर चालक वन विभाग की लकड़ियां लादकर इटावा जा रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्राम चिरूहूली में मंगवार सुबह लगभग पांच बजे वन विभाग की लकड़ी ट्रैक्टर पर लादकर इटावा जा रहे ट्रैक्टर चालक नीलेश (20) पुत्र बाबूलाल पाल निवासी नरायनपुर के ट्रैक्टर में पीछे से एक प्राइवेट बस ने टक्कर मार दी। टक्कर से ट्रैक्टर सड़क पर पलट गया। जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
ट्राली पर लदी लकड़ियां सड़क पर बिखर गईं। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सौ शैय्या अस्पताल भेजा। मृतक के पिता बाबूलाल पुत्र मंगली प्रसाद निवासी नरायनपुर ने पुलिस को बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने को तहरीर दी है। पुलिस ने टक्कर मारने वाली बस को कब्जे में ले लिया है। इस मामले में कोतवाली इंचार्ज सुधाकर मिश्रा ने बताया कि मृतक सरकारी लकड़ी को लादकर इटावा जा रहा था। तभी हादसे का शिकार हो गया।