39-गेल अधिकारियों के बैठने के लिए लगाया गया टेंट एवं बड़ी संख्या में खड़ीं मशीनें
- फोटो : अमर उजाला
देश की महारत्न कंपनी गेल पाता के दूसरे चरण के प्लांट को देश के नाम समर्पित करने के लिए प्रस्तावित प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गईं हैं। गेल के सीएमडी के निर्देशन में गेल अधिकारियों की कई समितियां तैयारियों में जुटीं हैं। हालांकि अभी तक पीएमओ से कार्यक्रम की तारीख नहीं मिली है।
गेल पाता के प्लांट के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम 15 से 20 नवंबर के बीच प्रस्तावित है। इसके लिए गेल के सीएनजी पंप एवं गेल कंप्रेसर स्टेशन के बीच 106 एकड़ भूमि में लगे जंगलों को साफ किया जा चुका है। जमीन के समतलीकरण का काम अंतिम चरण में है। गेल के अधिकारी बताते हैं कि अभी तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की कोई तिथि नहीं आई है। लेकिन तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गेल के सीएमडी सीधे दिल्ली से तैयारियों का जायजा ले रहे हैं।
पिछले दिनों गेल के मानव संसाधन विभाग के निदेशक भी दिबियापुर आकर तैयारियों का जायजा ले चुके हैं। एसपी अतुल शर्मा के साथ बैठक भी कर चुके हैं। दिबियापुर में गेल अधिकारियों की कई समितियों का गठन कर दिया गया है। इन समितियों में वे अधिकारी भी शामिल हैं जो पिछले दिनों बनारस में हुए गेल के एक प्रोजेक्ट के उद्घाटन में पहुंचे प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में गए थे।
सभास्थल के पास बनेंगे तीन हैलीपैड
गेल के अधिकारियों ने अनौपचारिक बातचीत में बताया कि प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए बनाए जा रहे मैदान में ही तीन हैलीपैड बनाए जा रहे हैं। हैलीपैड से मंच तक पहुंचने के लिए लगभग चार मीटर चौड़ी सीसी सड़क भी बनाई जा रही है। इससे होकर पीएम एवं अन्य वरिष्ठ मंत्रियों की फ्लीट गुजरेगी। कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री के भी आने की उम्मीद है। जबकि गेल कंप्रेसर स्टेशन के अंदर एवं एनटीपीसी में बने हैलीपैड को प्रदेश के राज्यपाल एवं प्रदेश के मुख्यमंत्री के संभावित आगमन के लिए खाली छोड़ा गया है।
सभास्थल तक पहुंचने को तीन रास्ते प्रस्तावित
प्रधानमंत्री की प्रस्तावित जनसभा के लिए 100 गुणा 100 फुट का मंच बनाया जाना प्रस्तावित है। इसके साथ ही 250 गुणा 250 मीटर क्षेत्रफल में बनाए जाने वाले पांडाल में कुर्सियां डाली जाएंगी। यह आकार पीएमओ कार्यालय एवं अन्य अधिकारियों के निर्देश पर घट बढ़ भी सकता है। अभी औरैया-कन्नौज मार्ग से सभास्थल तक पहुंचने के लिए एकमात्र रास्ता है। पीएम का कार्यक्रम तय होने के दो दिन पहले सीएनजी पंप के बायीं ओर से एक रास्ता एवं ग्राम देवराय का पुर्वा से एक और वैकल्पिक रास्ता दिया जाएगा।