कंचौसी। रेलवे स्टेशन की पूर्वी केबिन क्राॅसिंग पर शनिवार को भी ट्रैक मरम्मत होती रही। इससे वहां पर पूरे दिन यातायात बाधित रहा, हालांकि दिल्ली-हावड़ा रेल रूट पर 30 किमी प्रति घंटा के काॅशन पर ट्रेनें निकाली गईं। प्रभावित ट्रेनों में वंदे भारत एक्सप्रेस के अलावा कई मुख्य ट्रेनें शामिल रहीं।
अप व डाउन की पटरियों को दुरुस्त कराने का कार्य कंचौसी की पूर्वी केबिन क्राॅसिग पर 9 अक्टूबर से 12 अक्टूबर तक होना है। इसके लिए सुबह छह बजे से देर शाम तक क्राॅसिग को बंद रख रेलपथ विभाग के इंजीनियर कार्य करा रहे हैं। पहले दिन गुरुवार को टीम ने ट्रैक के नीचे की गिट्टी व मिट्टी की छनाई कराई। तीसरे दिन शनिवार को स्लीपर का कार्य किया गया। कानपुर व दिल्ली छोर से आने वाली ट्रेनों को कंचौसी में काॅशन देकर पास कराया गया।
कंचौसी में हुए कार्य का असर संबलपुर जम्मूतवी, वंदे भारत एक्सप्रेस, दिल्ली-हावड़ा नेता जी एक्सप्रेस, गोमती एक्सप्रेस , महानंदा एक्सप्रेस व कानपुर-टूंडला व आगरा के बीच दौड़ने वाली मेमू समेत कई ट्रेनों पर पड़ा। कार्य के दौरान आरपीएफ के जवानों की मुस्तैदी व यातायात पुलिस की ढिलाई के कारण नियम टूटते रहे। बंद क्राॅसिंग से वाहन सवार जबरन निकले। ऐसे में पटरियों पर हो रहा कार्य भी बाधित हुआ। ट्रैक दुरुस्तीकरण कार्य होने की वजह से वाहन सवार 5 से 10 किलोमीटर का चक्कर काटने को मजबूर हो रहे हैं। इस संबंध में स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि ट्रैक दुरुस्तीकरण का कार्य किया जा रहा है। कार्य पूर्ण होने के बाद ही रेलवे क्राॅसिंग को खोला जाएगा। (संवाद)