कस्बा स्थित सेंट्रल बैंक के पीछे वाली सड़क ने लिया तालाब का रूप।
- फोटो : AURAIYA
कस्बा मुरादगंज में सेंट्रल बैंक के पीछे वाली सड़क कई महीनों से बिन बरसात के तालाब बनी हुई है। ग्राम पंचायत जगतपुर के कस्बा मुरादगंज में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चौपट है। लोग मकानों से निकले गंदे पानी में घुस कर निकलने को मजबूर हैं।
बिना बारिश के रोज नालियों का पानी गलियों में भर जाता है और तालाब बन जाता है। स्कूल जाने वाले बच्चे व मोहल्लेवासी मंदिर व अपनी दुकानों को जाने के लिए गंदे पानी से घुस कर निकलते हैं।
कस्बे में यह हाल कई महीनों से है। बताया जाता है कि कस्बे की ज्यादातर नालियां गंदे पानी व कीचड़ से जाम पड़ी हैं। इससे बदबू व गंदगी से लोगों का निकलना मुश्किल हो रहा है। बस्ती में संक्रमण का खतरा बना हुआ है। सफाईकर्मी ने बताया कि मुख्य नाला बुरी तरह से जाम होने के कारण सफाई नहीं कर सकते।
कस्बे वासियों ने बताया कि यह समस्या मुख्य नाले के जाम होने के कारण है। जबसे नाला बना है तबसे आज तक सफाई नहीं कराई गई है। इस कारण जल निकासी नहीं हो पा रही। जलभराव की समस्या बरकरार है।
इसकी शिकायत कई बार प्रधान विमल देवी से की गई लेकिन समस्या का निराकरण नहीं हुआ। पवन, गिरिंद्र सिंह, भीम सिंह, गौरव, किरन, नूरी, शकील, गुलफाम, संतोष, राजू व अन्य कस्बावासियों ने कस्बे की नालियों की सफाई कराने की मांग की है।