दिबियापुर (औरैया)। औरैया एवं कानपुर देहात जिलों में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालयों के 12वीं कक्षाओं तक के विद्यार्थी अटल टिंकरिंग लैब के माध्यम से चांद तारों के बारे में जान सकेंगे। विद्यार्थियों को लैब के माध्यम से इंजीनियरिंग आधारित शिक्षा दी जाएगी। दिल्ली से नवोदय विद्यालय तैयापुर पहुंचे राष्ट्रीय कार्यक्रम सलाहकार अवनीश त्रिपाठी ने लैब स्थापित करने को लेकर बैठक में चर्चा हुई।
नवोदय विद्यालय औरैया एवं कानपुर देहात में शिक्षा संवर्धन के लिए नेशनल प्रोग्राम एडवाइजर राष्ट्रीय अविष्कार अभियान अवनीश त्रिपाठी, कॉमर्स प्रवक्ता, बीएनएसडी कॉलेज कानपुर के अनिल कुमार गुप्ता एवं एस के अग्रहरि ने नवोदय विद्यालय औरैया के प्राचार्य डॉ. संजीव कुमार गुप्ता के साथ चर्चा की। बच्चों के भविष्य निर्माण हेतु अत्याधुनिक अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने पर चर्चा की गई। लैब में रोबोट, ड्रोन, थ्री डी प्रिंटर से मॉडल एवं तकनीकी मॉडल आदि बच्चों को सिखाया जाएगा। भाषा प्रयोगशाला एवं एस्ट्रोनॉमी शिक्षा, भाषा सूत्र में हिंदी एवं अंग्रेजी भाषा के साथ-साथ संस्कृत भाषा को भी विशेष महत्व देने की बात कही।
दिबियापुर में कोआर्डिनेटर अभिषेक त्रिवेदी ने बताया कि औरैया एवं कानपुर देहात में स्थित जवाहर नवोदय विद्यालयों में अटल टिंकरिंग लैब स्थापित करने को लेकर चर्चा हुई। अभी उत्तर प्रदेश में कहीं पर भी इस तरह की लैब नहीं है। इस लैब की स्थापना के लिए जल्द ही प्रस्ताव भेजा जाएगा।