औरैया। आयकर कार्यालय पर व्यापारियों के साथ विभागीय अधिकारियों ने बैठक की। जिसमें आयकर संबंधी व्यापारियों की समस्याओं को सुनते हुए विभागीय अधिकारियों ने उनके निराकरण पर चर्चा की। साथ ही जीएसटी को लेकर व्यापारियों में फैली भ्रांतियों को दूर करते हुए इसे उनके हित में बताया। अधिकारियों ने कहा कि समय से जीएसटी फाइलों को भरें। जिससे कि विभागीय कार्रवाई से वह बच सकें।
आयकर विभाग के कार्यालय पर संयुक्त आयकर आयुक्त (रेंज वन आगरा) सीता श्रीवास्तव ने जिले के व्यापारियों और विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि प्रदेश सरकार ने व्यापारियों के हितों को ध्यान मेें रखकर जीएसटी में कई बदलाव किए हैं। पहले जहां जीएसटी फाइलों को दाखिल करने में व्यापारियों व उनके वकीलों को दिक्कतें आतीं थी। उन समस्याओं का अब समाधान हो चुका है। व्यापारी अपने बकाया करों को समय से दाखिल करें। जिससे कि विभागीय कार्रवाई से वह बचे रहें। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जिन व्यापारी भाईयों ने कर जमा नहीं किया है, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिसके चलते व्यापारियों और विभागीय अधिकारियों के बीच बैठकों का दौर जारी है। कहा कि विभागीय अधिकारी व्यापारियों की समस्याओं का निराकरण कर जीएसटी दाखिल करने में उनकी मदद कर रहे हैं।
वहीं आयकर अधिकारी उर्वीधर ने कहा कि व्यापारी अपना व्यापार पूरी तरह नंबर एक में चलाएं। इसके लिए व्यापारी को चाहिए कि वह अपने व्यापार संबंधी सभी अभिलेखों को पूरी तरह सुरक्षित रखते हुए समय से कर जमा करें। इससे न केवल व्यापारी की पूंजी में बढ़ोत्तरी होगी, बल्कि आगे आने वाले समय में व्यापारियों की कई समस्याओं का समाधान होते हुए लाभ भी मिलेगा। बैठक के दौरान कई व्यापारी व विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।