औरैया। कोविड महामारी की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन अलर्ट मोड में हैं। जिलाधिकारी ने टीकाकरण अभियान के खिलाफ भ्रांतियां व दुष्प्रचार पर अंकुश लगाने के लिए मेरा टीका मेरा अधिकार नाम से साप्ताहिक अभियान शुरू किया है। इस अभियान की निगरानी के लिए ब्लॉकवार अधिकारियों की टीम गठित की गई है।
जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि अधिकारियों की टीम लोगों को कोरोना का टीका लगवाने के लिए प्रेरित करेगी। जिससे कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके। नामित अधिकारी 15 अप्रैल से अपनी न्याय पंचायत की कम से कम पांच ग्राम पंचायतों में प्रतिदिन बैठक करेंगे। इसमें निगरानी समिति के सदस्य, ग्राम प्रधान, आशा, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, कोटेदार, सभी धर्मो के धर्मगुरू, एनजीओ हिस्सा लेंगे। अभियान के दौरान टीकाकरण के खिलाफ भ्रांति फैलाने वालों को चिह्नित कर महामारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। बैठक से पहले लेखपाल व पंचायत सचिव एक दिन पहले मुनादी कराकर इसकी जानकारी ग्रामीणों को देंगे।