कस्बे में गुरुवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस दौरान जिला प्रशासन के अधिकारियों एवं दुकानदारों के बीच नोंकझोंक भी हुई। नगर पंचायत प्रशासन की सख्ती के चलते अतिक्रमणकारियों ने अपने अतिक्रमण समेट लिए। इधर अधिशाषी अधिकारी ने शेष अतिक्रमणकारियों को अपने अतिक्रमण समेटने के निर्देश दिए हैं।
अतिक्रमण हटाओ अभियान गुरुवार को औरैया तहसीलदार रामनयन के नेतृत्व में चला।
अभियान नगर पंचायत फफूंद द्वारा निर्मित दुकानों से प्रारंभ होकर नुमाइश मैदान होता हुआ कस्बा स्थित अछल्दा चौराहा पहुंचा, जहां पर मौरंग, गिट्टी सीमेंट विक्रेताओं को 24 घंटे का अल्टीमेटम देकर मार्ग पर रखी सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए।
नगर में चले अतिक्रमण को लेकर दुकानदारों में हड़कंप मच गया। कस्बे में कई वर्षों से दुकानदारों ने कस्बा के मुख्य मार्गों पर अपनी अपनी दुकानों से रोड पर अतिक्रमण कर रखा है, जिससे आने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। गुरुवार को चले अतिक्रमण अभियान की सभ्रांत नागरिकों को सराहना की।
विदित हो कि नगर पंचायत फफूंद के अधिशासी अधिकारी अजय कुमार सचान ने दो दिन पूर्व मुनादी करवाकर अपना- अपना सामान हटाने के लिए गुहार लगाई थी। इस पर कस्बे के अधिकांश दुकानदारों ने अपना-अपना सामान हटा लिया था।