एरवाकटरा। जयपुर से रूरूगंज लौट रहे तीन किशोर प्राइवेट बस में जहरखुरानी का शिकार हो गए। बस स्टाफ तीनों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के रूरूगंज निवासी लवकेश (16), आशीष (17) और आयुष (16) मंगलवार शाम जयपुर के सिंधी कैंप से बिधूना आने के लिए प्राइवेट बस में सवार हुए थे। बताया गया कि बस में उनके साथ आगरा जाने वाला एक युवक भी सवार हुआ। आरोप है कि युवक ने उन्हें अपने झांसे में लेकर कोई नशीला पदार्थ सुंघा दिया, जिससे तीनों अचेत हो गए।
बुधवार सुबह जब बस ऊसराहार से आगे पहुंची तो परिचालक ने तीनों किशोरों को जगाने का प्रयास किया लेकिन वह नहीं जागे। इस पर चालक और बस मालिक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद बस को एरवाकटरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, वहां तीनों किशोरों को भर्ती कर उपचार कराया गया। साथ ही उनके परिजनों को भी घटना की सूचना दी गई। वहां उपचार के बाद तीनों को घर भेज दिया गया। (संवाद)