औरैया। मोबाइल छीनने के तीन आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। साथ ही आठ घंटे के अंदर ही पुलिस ने वारदात का खुलासा कर दिया। आरोपियों के पास से छीने गए मोबाइल, तमंचा, कारतूस बरामद हुए हैं। पूछताछ के बाद तीनों को कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
शहर के मोहल्ला नारायणपुर निवासी अखिलेश गौतम गुरुवार रात साढ़े आठ बजे भोले मंदिर के पास अंडा लेने जा रहे थे। रास्ते में पीछे से आए बाइक सवार तीन आरोपियों ने झपट्टा मारकर मोबाइल छीन लिया था। ठीक एक घंटे के बाद साढ़े नौ बजे बाइक सवार बदमाशों ने मोहल्ला पढ़ी दरवाजा निवासी मनीष से जालौन चौराहे के पास मोबाइल छीन लिया था। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक मिश्रा ने बताया कि दोनों घटना के बाद सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे से आरोपियों की पहचान की।
शुक्रवार तड़के जालौन चौराहे के पास पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान जालौन की तरफ जा रही बाइक को रोकने का इशारा किया जिस पर आरोपी भागने लगे। आगे जाकर बाइक सवार अनियंत्रित होकर झाड़ियों में गिर गए। पुलिस टीम के पास पहुंचने पर मोहल्ला दयालपुर निवासी अल्तमश सिद्दकी उर्फ मुन्ना ने फायर झोंक दिया।
हालांकि पुलिस टीम ने अल्तमश सिद्दकी उर्फ मुन्ना, सदर कोतवाली के गांव जनेतपुर निवासी भूपेंद्र राजपूत और भाऊपुर निवासी सचिन जाटव को गिरफ्तार कर लिया। बाइक से गिरने के कारण तीन आरोपी घायल हो गए थे जिन्हें पुलिस जिला अस्पताल ले गई। पुलिस ने अल्तमश व सचिन के पास से दो तमंचा, एक कारतूस व खोखा और छीने गए दोनों मोबाइल बरामद किए हैं। पुलिस तीनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।