फोटो-3-मौके पर मौजूद राहगीर और पुलिस। संवाद
फफूंद। कस्बे के मुरादगंज मार्ग पर शनिवार को दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन लोग गंभीर घायल हो गए। दुर्घटना के काफी देर तक एंबुलेंस न पहुंचने से मौके पर अफरातफरी मची रही। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई।
क्षेत्र के गांव धर्मपुर निवासी विकास शनिवार को बाइक से अपने गांव की ओर जा रहा था। मुरादगंज रोड पर सामने से आ रही बाइक से टक्कर हो गई। इससे विकास और दूसरी बाइक पर सवार काजीपुर निवासी संजय और विनोद सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए।
वहां से गुजर रहे राहगीर राजा तिवारी और उनके साथी दौलत यादव ने घायलों को सड़क से उठाकर किनारे किया और एंबुलेंस को कई बार फोन किया। इसके बावजूद एंबुलेंस काफी देर तक घटनास्थल पर नहीं पहुंची। इस बीच पहुंचे डायल 112 पुलिस के सिपाही सौरभ और रजनीश घायलों को सीएचसी ले गए। घटना के बाद मार्ग पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।