सहार। कस्बे के दिबियापुर रोड स्थित ढाबे से खाना खाकर लौट रहे तीन दोस्तों को दो कारों में सवार आधा दर्जन से अधिक लोगों ने घेराबंदी कर सड़क पर रोक लिया। इसके बाद तीनों पर हमला बोल दिया। विरोध करने पर हमलावरों ने एक युवक को खींचकर कार में डाल लिया और मरणासन्न हालत में तीन किमी दूर फेंककर भाग निकले।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार शनिवार रात करीब 9:10 बजे पुरवा दानशाह निवासी मुकेश अवस्थी दो साथियों अंशु शुक्ला व रजत तिवारी के साथ ढाबा से खाना खाकर वापस लौट रहे थे। रास्ते में कार सवार करीब आठ लोगों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया। इस दौरान हमलावरों ने मुकेश अवस्थी को अपनी गाड़ी में डाल लिया और मारपीट करते हुए करीब तीन किलोमीटर दूर ले गए। मरणासन्न होने पर उसे पुरवा रावत की पुलिया के पास सड़क किनारे फेंक दिया। कुछ देर बाद मुकेश को होश आया तो वह किसी तरह कस्बे की ओर लौटा और राहगीरों की मदद से डायल 112 पुलिस को सूचना दी। पुलिस टीम ने घायल को तत्काल सीएचसी पहुंचाया। पीड़ित मुकेश ने थाने में तहरीर देकर अज्ञात हमलावरों पर जानलेवा हमला, अपहरण और मारपीट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी रमेश सिंह ने बताया कि रात में ही तहरीर प्राप्त हो गई थी। प्रारंभिक जांच में मारपीट की पुष्टि हुई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।