मौसम की मार से बर्बाद हुईं खरीफ फसलों के लिए फसल बीमा क्लेम जारी हो गया है। फसल बीमा कराने वाले 4339 किसानों को तीन करोड़ 82 लाख रुपये बीमा क्लेम का भुगतान किया जाएगा। इस संबंध में सभी बैंकों के शाखा प्रबंधकों को सूचित किया जा चुका है। शाखा प्रबंधकों की मानें तो शीघ्र किसानों के खातों में रुपया भेजा जाएगा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2016-17 में खरीफ की फसल का बीमा 109 बैंकों की शाखाओं पर 34 हजार 459 किसानों ने कराया था। 251.47 लाख रुपये प्रीमियमजमा किया गया था। वर्ष 2016-17 में ओलावृष्टि, नहरों में जलप्लावन व मौसम में बदलाव से खरीफ की कई स्थानों पर फसलें खराब हुईं।
जिला प्रशासन की रिपोर्ट के बाद बीमा कंपनियों के सुपरवाइजर ने स्थलीय निरीक्षण किया। बीमा कंपनी ने 4339 किसानों की फसलों में नुकसान पाया। 4339 किसानों को क्लेम के तीन करोड़ 82 लाख 10 हजार रुपये बीमा कंपनियों ने जारी किए हैं। जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक दूधनाथ ने बताया कि जिले में 4339 खरीफ के किसानों को जल्द ही क्लेम का भुगतान किया जाएगा। किसानों के खाते में बीमा क्लेम की रकम भेजी जाएगी।