बेला (औरैया)। पांडव नदी में नहाने गए बेला बस्ती के तीन बालक तेज बहाव में डूबने लगे। नदी पर पुल के निर्माण में लगे मजदूरों ने दो को बचा लिया लेकिन एक की मौत हो गई।
थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बेला के मजरा परसे पूर्वा में रहने वाले श्यामू (12) पुत्र रामसिंह, कौशल(11) पुत्र सर्वेश व प्रांशु (12) पुत्र कमलेश बुधवार सुबह 10 बजे के करीब बेला बस्ती में पांडव नदी में नहाने गए थे। नहाने के दौरान बहाव में श्यामू डूबने लगा। यह देख कौशल और प्रांशू ने शोर मचाने के साथ उसे बचाने की कोशिश की।
तभी वह भी बहाव में चले गए। बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुन नदी पुल पर काम कर रहे मजदूर दौड़ पड़े। आनन फानन में मजदूर सुनील भदौरिया ने नदी में कूदकर कौशल और प्रांशू को बाहर निकाला। जब तक लोग श्यामू को बाहर निकालते उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने परिजनों को देने के साथ ही पुलिस को दी। मौके पर पुलिस और परिजन जा पहुंचे। मृतक के पिता रामसिंह ने कानूनी कार्रवाई करने से मना कर दिया। थाना प्रभारी पप्पू सिंह ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया है।