औरैया। बुधवार को 18 से 44 साल के 929 लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। टीकाकरण के प्रति युवाओं में उत्साह देखने को मिला। जबकि 45 से अधिक उम्र के कुल 781 लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया।
नोडल अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए चलाए जा रहे टीकाकरण के प्रति युवाओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। युवा टीकाकरण कराने के बाद सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करते भी दिखे। शहर स्थित 50 शैय्या जिला संयुक्त चिकित्सालय में युवा समय से पहले ही पहुंच गए। पहले दिन की अपेक्षा व्यवस्था में काफी सुधार देखने को मिला।
टीके से मिलेगी सुरक्षा
शहर के मोहल्ला गुरुहाई निवासी मोहन त्रिपाठी ने बताया कि कोरोना का यह टीका हमें सुरक्षा प्रदान करेगा। टीका लगवाने के पहले थोड़ा मायूस था। कोरोना का टीका लगवाकर काफी अच्छा लगा। टीका सभी के लिए जरूरी है। स्वयं की सुरक्षा के लिए टीका जरूर लगवाएं।
शहर के मोहल्ला सत्तेश्वर निवासी निर्धर दुबे ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के बाद टीकाकरण का बेसब्री से इंतजार था। टीकाकरण होने के बाद खुशी महसूस हो रही है।
गांवों में पहुंचे अफसर, टीकाकरण के लिए किया जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना(औरैया)। विशेष अभियान को सफल बनाने के लिए अफसर लोगों को जागरूक कर रहे हैं। बुधवार को तहसील के अफसरों ने कई गांवों में पहुंचकर लोगों को टीका लगवाने के लिए जागरूक किया।
बुधवार को एसडीएम राशिद अली खान, सीओ मुकेश प्रताप सिंह अफसरों के साथ क्षेत्र के ग्वारी, गढ़वाना पहुंचे। अफसरों ने ग्रामीणों से गांव में बीमार चल रहे लोगों के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही शासन द्वारा चलाए जा रहे टीकाकरण अभियान और उसके फायदे के बारे में बताया। स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि अभी खतरा टला नहीं है। सभी लोग बढ़ चढ़कर टीकाकरण कराएं। एसडीएम व सीओ ने भी किसी भी तरह अफवाहों पर ध्यान न देने और बीमारी से बचने के लिए कोविड नियमों का पालन करते रहने के निर्देश दिए।