अछल्दा (औरैया)। विकास दुबे फैंस क्लब के नाम से सोशल मीडिया पर बने ग्रुप पर आईजी को मारने की धमकी भरी पोस्ट वायरल करने वाले युवक को स्वॉट टीम ने उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के परिजनों ने इसे साजिश बताया है। पिता का कहना है कि बेटा बेकसूर है। मामले में देर रात औरैया पुलिस ने सिकंदरा कानपुर देहात से भी एक हिस्ट्रीशीटर को उठाया है।
सोशल मीडिया पर एक के बाद एक वायरल तीन पोस्ट में राहुल सोनी निवासी अछल्दा औरैया ने पुलिस को चुनौती देते हुए लिखा है कि स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि बिकरू के विकास दुबे को मारकर क्या उखाड़ लिया। हजारों विकास दुबे पैदा होंगे। जिस किसी भाई को खाकी वालों से दुश्मनी हो तो वो अच्छे असलहे के लिए संपर्क करें। एक पोस्ट में आईजी मोहित अग्रवाल को धमकी दी गई है। इसमें लिखा है कि सीओ देवेंद्र मिश्रा मारा गया, जो आईजी मोहित अग्रवाल को मारे, पांच लाख का इनाम ले जाए।
असलहे मेरे पास पर्याप्त हैं। पोस्ट में असलहा लिए राहुल की फोटो भी लगी है। आईजी के लिए धमकी भरी पोस्ट वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी अपर्णा गौतम के निर्देश पर स्वॉट टीम ने युवक को पकड़कर पूछताछ शुरू की है। वायरल पोस्ट के संबंध में पुलिस अधिकारी चुप्पी साधे हैं। राहुल के पिता का कहना है कि वह सराफ है। उनके पुत्र ने सोशल मीडिया पर कोई पोस्ट नहीं डाली है। न ही उसे पोस्ट से संबंधित कोई जानकारी थी। जब पुलिस पहुंची तब जानकारी हुई है। उन्होंने तहरीर भी दी। कुछ लोग रंजिश में उनके पुत्र को फंसाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस जांच कर सकती है।