बेला। थाना क्षेत्र के दिबियापुर रोड पर मनुआपूर्वा संपर्क मार्ग निवासी उदल सिंह के घर में मंगलवार रात चोरों ने धावा बोला। घर में घुसकर बक्से में रखे जेवरात व नगदी चोरी कर लिए।
बेला थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिमरापूर्वा निवासी उदल सिंह दिबियापुर रोड से मनुआपूर्वा संपर्क मार्ग पर अपने नए मकान में रहते हैं। मंगलवार रात घर में सभी परिवारीजन छत पर सो रहे थे। वहीं घर के पीछे से चोर अंदर दाखिल हुए। तीन कमरों में लगे ताले तोड़कर कमरे में रखे बक्से व सेफ के ताले भी तोड़े। उसमें रखे सोने चांदी के जेवर व 20 हजार की नकदी पार कर दी।
उदल सिंह ने बताया कि बक्सों व सेफ के ताले तोड़कर दो सोने की चैन 15 ग्राम, चार सोने की अंगूठी करीब 40 ग्राम, सोने के झाले एक जोड़ी 5 ग्राम, एक माला व पेंडल सोने का वजन करीब 5 ग्राम, चांदी की तोड़िया बजन करीब 125 ग्राम तथा एक बच्ची के चांदी के कड़े चार जोड़ी व बहू रामा पत्नी प्रशांत की चांदी की दो जोड़ी तोड़ियां वजन करीब 75 ग्राम, व 15 हजार नकद चोरों ने पार किए।
इसके अलावा दूसरी बहू की अलमारी से दो हजार रुपये तथा विमलेश का बक्सा तोड़कर दो अंगूठी, दो माला, दो बाला, दो झाला सोने के एक किलो चांदी की तथा एक सोने की बेसर आदि सामान चोरी कर ले गए। तड़के घटना की जानकारी होने पर परिजनों ने थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी निरीक्षक विनेश कुमार सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
सीओ बिधूना अशोक कुमार सिंह फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्राधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि बेला थाना प्रभारी को घटना का जल्द खुलासा करने के लिए आदेशित किया गया है। टीम लगी हुई है।