दिबियापुर (औरैया)। कस्बे के सेहुद मंदिर के पास स्थित ग्रामीण रोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) केंद्र की रसोई का जंगला काटकर घुसे चोरों ने हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। सोमवार को इसकी जानकारी अधिकारियों को हुई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है।
प्रशिक्षण केंद्र में गांव दास का पुर्वा निवासी अमित कुमार प्रशिक्षक हैं। कार्यालय सहायक शिवम गौतम हैं। दोनों ने बताया कि 10 जनवरी की शाम केंद्र पर ताला लगाकर वह घर चले गए थे। सोमवार सुबह जब वह केंद्र पर पहुंचे तो अंदर कमरे में लगा ताला टूटा पाया। कमरे के अंदर सामान बिखरा था।
केंद्र में बने किचन में लगा जंगला कटा था। कमरे से कंप्यूटर, प्रिंटर, सीपीयू, तीन मॉनीटर, सीसीटीवी कैमरा, लैपटॉप, बायोमीट्रिक डिवाइस आदि हजारों रुपये कीमत का सामान चोर समेट ले गए हैं। इसकी जानकारी दोनों कर्मचारियों ने दिबियापुर पुलिस और बैंक अधिकारियों को दी। पुलिस ने मामले की जांच कर चोरी का खुलासा किए जाने की बात कही है।