औरैया। नकली खाद बनाकर बेचने वाला गिरोह सात जिलों इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, हरदोई, शाहजहांपुर और बरेली की पुलिस को चकमा देकर अपना कारोबार चमका रहा था।
अनंतराम टोल प्लाजा पर जीएसटी टीम बिना कागजात के यदि इस खेप को ले जा रहे वाहन को न पकड़ती तो शातिर न जाने कितने किसानों को बर्बाद कर देते।
गिरोह बरेली से औरैया तक दो रूटों से ट्रकों से नकली खाद की खेप लाते थे। बरेली से औरैया आने के दो रूट हैं। पहला रूट हाईवे से इटावा होकर फर्रुखाबाद होते हुए बरेली का है।
दूसरा रूट औरैया से दिबियापुर, सहार, बेला, कन्नौज, फर्रुखाबाद, हरदोई, शाहजहांपुर होते हुए बरेली का है। इन रूटों पर तकरीबन 30 थाने व कोतवाली क्षेत्र आते हैं। इसके बावजूद आरोपी इन रूटों पर बेखौफ निकलते थे।
पिछले एक माह से नकली खाद का सिंडीकेट औरैया में चल रहा था। बरेली से औरैया तक नकली खाद की ढुलाई चल रही थी। इन वाहनों में जीएसटी के कागज भी नहीं थे। सात जिलों की पुलिस व प्रशासन को आरोपी चकमा दे रहे थे। अब पुलिस इन रूटों के साथ-साथ ट्रकों पर भी शिकंजा कसने के लिए जांच कर रही है।