फोटो-2- फिरोजनगर जाने वाली सड़क पर पानी। संवाद
अजीतमल। नगर पंचायत के मोहल्ला फिरोजनगर के गढ़िया रोड पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। इससे गलियों में हुए जलभराव से लोगों को निकलना मुश्किल हो रहा है। इसके अलावा घरों का गंदा पानी खाली पड़े प्लॉटों में भरने से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है।
अजीतमल तिराहे से हाईवे को जोड़ने वाली सड़क पर पूर्वी ओर नाला निर्माण हो चुका है, लेकिन पश्चिमी ओर अभी नाले का निर्माण नही हुआ है। इससे हाईवे किनारे स्थित फिरोजनगर मोहल्ले के पानी निकासी की समस्या बनी हुई है। सड़क से मोहल्ले को जाने वाली गली व प्लाॅटों में गंदा पानी जमा होता है।
स्थानीय निवासी आलोक कुमार ने बताया कि प्लाॅटों में पानी भरने से मच्छरों का प्रकोप है और लोग बीमार हो रहे हैं। विपिन मिश्रा ने बताया कि वह अपने मकान के बाहर दुकान किए हैं, इसके सामने गली में पानी भरा रहने से ग्राहकों को आने-जाने में समस्या होती है।
आमोद कुमार का कहना है कि नगर पंचायत द्वारा अभी तक पानी निकालने का कोई इंतजाम नहीं किया गया है। छोटे लाल ने बताया कि कई बार नगर पंचायत को अवगत कराया, लेकिन कोई सुनवाई नही होती है।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष आशा चक ने बताया है जल निकासी के लिए नालों का निर्माण कराया जा रहा है। जहां भी समस्या उसे शीघ्र ही दूर किया जाएगा।