बिधूना। बेला थाने से महज 100 मीटर दूर स्थित परचून की दुकान में गुरुवार रात चोरी हो गई। चोर दुकान से नकदी और सामान ले गए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे चेक किए। वहीं कुछ दूर स्थित दूसरी दुकान में भी चोर सामान समेट ले गए।
बेला चौराहे पर स्थित शुक्ला मार्केट गांव निवासी आशुतोष शुक्ला परचून की दुकान किए हैं। गुरुवार रात को दुकान में ताला डाल कर वह घर चले गए। सुबह क्षेत्रीय लोगों की सूचना पर वह दुकान पहुंचे। अंदर जाकर देखा तो चोरों ने चार हजार रुपये नकद व दुकान में रखा सामान पार कर दिया।
वहीं कुछ दूर स्थित शीलू सक्सेना की दुकान से भी चोर सामान व नकदी ले गए। दुकान में टीन का पल्ला हटाकर चोर अंदर पहुंचे थे। दुकानदार ने बताया कि चोर 73 हजार नकद व 10 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर जांच की।
बेला थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में कुछ संदिग्ध दिखाई दिए हैं। उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा। उधर, दुकानदारों ने पुलिस की गश्त पर सवाल उठाए हैं।