अयाना/औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के पनहर गांव में रविवार रात दीवार फांदकर घर में घुसे चोरों ने करीब 30 लाख के जेवर और 40 हजार रुपये चोरी कर लिए। सोमवार सुबह उठे परिजनों को घर का सामान बिखरा मिला तो उनके होश उड़ गए। कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पनहर निवासी देवेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि रविवार रात भाई देवेंद्र और मां शारदा देवी हॉल में सो रहे थे। घर के सभी दरवाजे बंद थे। रात में चोर दीवार फांदकर अंदर घुसे और माल पार कर ले गए। सोमवार सुबह कमरों में रखा सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और बक्से खुले थे। देवेंद्र ने बताया कि एक सूटकेस घर से कुछ दूरी पर खुला पड़ा मिला। दूसरा छज्जे के पास पड़ा मिला। चोरों ने बक्सों में रखी सोने की आठ चूड़ी, एक हथफूल, तीन हार, चार चेन, पांच अंगूठी, तीन जोड़ी बाला, दो जोड़ी झुमकी, एक कंधनी, दो नथुनी, दो जोड़ी चांदी पायलें, चांदी के 25 सिक्के व अन्य जेवरात समेत 40000 हजार रुपये पार किए हैं। थाना प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।