शव के पास बेसुध हुए मृतक के मां-बाप ।
- फोटो : अमर उजाला
चौकी क्षेत्र के गांव रतनपुर गढ़िया में एक खेत में गांव के एक युवक का शव पड़ा मिला। ग्रामीणों इसकी सूचना मृतक केे परिजनों को दी। परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मृतक रात में गांव में आई बारात में शामिल होने गया था। इसके बाद गायब हो गया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक केे आत्महत्या करने की बात कही है। वहीं परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है। मृतक के शव पर चोटें के निशान मिले हैं।
कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के गांव रतनपुर गढ़िया निवासी सत्यकुमार (18) पुत्र रामकिशोर बुधवार को गांव में आई बारात में शामिल होने के लिए गया था। देर रात तक वह वापस नहीं आया। इस पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान गांव वालों ने बताया कि बारात में सत्यकुमार को देखा था। रात12 बजे के करीब वह चला गया। परिजन रात में उसकी तलाश करते रहे। इसमें इन्हें सफलता नहीं मिली।
सुबह गांव के निकट अटसू-अछल्दा मार्ग पर एक खेत में उसका शव पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इसकी सूचना परिजनों को दी। परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों ने बताया कि सत्यकुमार हरियाणा में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। पिछले दिन ही वह गांव आया था। पुलिस शव को कोतवाली अजीतमल ले आई। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान थे। बायां हाथ टूटा था। कान से खून बहने के निशान थे। मृतक के पिता ने गांव के ही राजेश कुमार पुत्र झब्बूलाल, पंकज पुत्र छोटेलाल, मोहित कुमार पुत्र श्यामसुंदर के खिलाफ हत्या की तहरीर दी है।
पिता के मुताबिक इन तीनों से बेटे का पहले झगड़ा हुआ था । तब से यह लोग रंजिश मानते हैं। पुलिस ने तहरीर पर तीनों के खिलाफ शक के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह का कहना है कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। हाथ टूटने और कान से खून बहने के सवाल का वह जवाब नहीं दे पाए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। पीएम रिपोर्ट के बाद जांच कर कार्रवाई की जाएगी।