औरैया। कर्ज और ससुराल पक्ष की प्रताड़ना से तंग आकर राजमिस्त्री के बेटे ने यमुना नदी में कूदकर गया था। इससे उसकी डूबने से मौत हो गई थी। पिता की तहरीर पर सदर कोतवाली पुलिस ने पत्नी, सास-ससुर और साले समेत पांच लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। मामला कोर्ट के आदेश पर दर्ज किया गया है।
कस्बा खानपुर के रहमतगंज निवासी छुटकन ने बताया कि उनका बेटा पुत्र अब्दुल कादिर राजमिस्त्री था। आरोप है कि अब्दुल के ससुराल वालों ने उससे एक लाख रुपये उधार लिए थे, जब कादिर ने अपने व्यवहारियों के कर्ज चुकाने के लिए रुपये वापस मांगे, तो ससुराल पक्ष ने उसे परेशान किया। उसकी पत्नी रजिया के जरिए उसे जेल भेजने की धमकी दी। पीड़ित पिता के अनुसार 23 नवंबर 2025 को क्षुब्ध होकर बेटे अब्दुल कादिर ने यमुना नदी में छलांग लगा दी थी। आरोप है कि पुलिस अधीक्षक से गुहार लगाने के बाद भी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई। इसके बाद पिता कोर्ट गए। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर ससुर सिराज उर्फ पप्पू, साला मुवसिर, सास मैनाज, रिश्तेदार चांद मियां और पत्नी रजिया के खिलाफ उकसाने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।