अछल्दा। थानाक्षेत्र के गांव सुभानपुर में मंगलवार को युवक ने घर के अंदर फंदे से लटकर कर आत्महत्या करने का प्रयास किया। समय रहते परिजन की नजर पड़ने पर उसे फंदे से उतारा गया। युवक को गंभीर हालत में सीएचसी से सैफई रेफर कर दिया गया। घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है।
गांव सुभानपुर निवासी जीतू (27) ने घर के एक कमरे में साड़ी के फंदे से लटक कर जान देने का प्रयास किया। इसी दौरान उसकी भाभी सरिता देवी कमरे के पास पहुंचीं। देवर को फंदे पर लटका देख उनकी चीख निकल गई। शोर सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों की मदद से जीतू को फंदे से नीचे उतारा गया लेकिन तब तक वह बेहोश हो चुका था।
परिजन उसे सीएचसी अछल्दा ले गए जहां से रेफर कर दिया गया। सीएचसी पहुंची पुलिस को परिजन घटना का कारण नहीं बता सके। थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज मिश्रा ने बताया कि युवक को रेफर कर दिया गया है। आत्महत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।