घटनास्थल पर जमा लोगों की भीड़ व जीआरपी।
। रविवार की सुबह कानपुर की ओर जा रही शताब्दी एक्सप्रेस से कटकर महिला ने जान दे दी। देर शाम तक महिला के शव की शिनाख्त नहीं हो पाई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। शिनाख्त न होने से शव को मोर्चरी में सुरक्षित रखा दिया गया।
रेलवे स्टेशन फफूंद के आउटर के किनारे रहने वाले लोगों के अनुसार लगभग 40 वर्षीय महिला पहले ट्रैक के पास एक पेड़ की छाया में बैठी रही। शताब्दी आते देख वह ट्रैक की ओर दौड़ पड़ी। महिला ने अपना सिर पटरी पर रख दिया।
इससे महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। तेज गति से जा रही शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आकर शरीर के अन्य हिस्सों के भी चीथड़े उड़ गए। जानकारी पर जीआरपी चौकी फफूंद के कार्यवाहक प्रभारी अर्जुन सिंह व दिबियापुर थाने के एसआई पप्पू सिंह घटनास्थल पर पहुंचे।
जीआरपी चौकी क्षेत्र में शव होने से जीआरपी ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कार्यवाहक प्रभारी अर्जुन सिंह के अनुसार 40 वर्षीय विवाहिता मृतका हरी सफेद नीली छींटदार साड़ी, दोनों पैरों में तोड़ियां व एक पैर में बिछिया पहने थी।
पहचान के लायक कोई सामान महिला के पास नहीं मिला। देर शाम तक कोई भी व्यक्ति शव की शिनाख्त नहीं करने पहुंचा। महिला के आत्महत्या करने की पुष्टि नहीं हुई है। उनका मानना है कि रेलवे लाइन क्रास करते समय महिला शताब्दी एक्सप्रेस की चपेट में आ गई।