दिबियापुर (औरैया)। पिछले दिनों सेहुद के गांव बहादुरपुर निवासी एक महिला ने गांव के ही कुछ लोगों पर मारपीट और लूटपाट का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में लूटपाट की घटना झूठ निकलने पर पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया। इससे गुस्साई महिला ने थाने पहुंचकर अपने शरीर पर मिट्टी का तेल डाल लिया। इससे हड़कंप मच गया। महिला को पकड़कर पुलिस ने जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिनों पूर्व गांव बहादुरपुर निवासी नीलम पत्नी लाखन सिंह ने गांव के ही व्यक्ति रामचंद्र व अन्य के खिलाफ मारपीट और लूट की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में मामला आपसी मारपीट का निकला। इस पर आरोपी रामचंद्र का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया था। इसी बात से गुस्साई महिला नीलम रविवार शाम दिबियापुर थाने पहुंच गई। यहां उसने जमकर हंगामा किया।
थोड़ी देर बाद महिला ने खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। थाने में महिला का हाई वोल्टेज ड्रामा देखकर हड़कंप मच गया। महिला सिपाहियों ने तुरंत आक्रोशित महिला को पकड़ लिया। साथ ही दिबियापुर सीएचसी में डाक्टरी परीक्षण कराया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा का कहना है कि महिला का शांति भंग में चालान किया गया है। वारंट होने के बाद उसे इटावा जेल भेज दिया गया है।