औरैया। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान स्थित जुपिटर हॉल में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राजस्व विभाग के तहत कनिष्ठ सहायक पद के 1146 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम का कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में सजीव प्रसारण दिखाया गया। जिले में आठ युवाओं को कनिष्ठ सहायक पद के लिए नियुक्ति पत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम में सदर विधायक गुड़िया कठेरिया ने नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को बधाई देते हुए कहा कि राजस्व विभाग सीधे जनता से जुड़ा है। इसलिए सभी कर्मचारी संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं का पारदर्शी व समयबद्ध निस्तारण करें। डीएम बृजेश कुमार ने बताया कि औरैया जनपद के आठ नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों को तहसीलों और कलक्ट्रेट में तैनात किया गया है। कार्यक्रम में कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत जनपद की प्रत्येक तहसील से 10-10 लाभार्थियों को 05-05 लाख रुपये की दर से कुल एक करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक वितरित किए गए। इस मौके पर एडीएम वित्त एवं राजस्व अविनाश चंद्र मौर्य, एसडीएम सदर ब्रह्मानंद और ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विपिन पाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।