टोल प्लाजा पर बिना रुके वाहन निकलते देख हर वाहन चालक के मन में यही मंशा होती है। प्रशासन वीआईपी टैग की सुविधा अब वाहन स्वामियों के लिए शुरू करने जा रहा है।
टैग लगे वाहनों को निकालने के लिए अलग से फास्ट ट्रैक बनाया जा रहा है। अहम बात यह है कि टैग लगे वाहनों को अब देश में किसी भी टोल टैक्स पर रुकने की जरूरत नहीं होगी।
टोल प्लाजा पर टैक्स जमा करने को लेकर लगने वाली लाइन से अब लोगों को निजात दिलाने की योजना तैयार कर ली गई है। इसके तहत वाहन स्वामी अपने-अपने वाहनों पर निर्धारित शुल्क अदा कर टैग लगवा कर इस सुविधा का लाभ ले सकेगा।
टोल प्रशासन ने इसके लिए एक्सिस बैंक व आईसीआईसीआई बैंक से करार किया है। अब कोई भी उपभोक्ता उक्त बैंकों में जाकर पैसा अदा करके टैग ले सकेगा।
वहीं टोल प्रशासन टैग लगे वाहनों को बिना रुके पास करने के लिए अलग से फास्ट ट्रैक बनाया जा रहा है। इस ट्रैक पर केवल वहीं वाहन चालक पास हो सकेंगे, जिनकी गाड़िय़ों में टैग लगे होंगे।
इस अनूठी योजना में खास बात यह है कि अभी तक वाहन चालक को देश के अलग-अलग प्रांतों में जाने पर वहां के टोल प्लाजा पर रुककर निर्धारित शुल्क की रसीद कटवानी पड़ती थी।
इस योजना के शुरू होने से अब वह किसी एक जगह से टैग वाहन पर लगवाकर देश के किसी भी टोल पर बिना रोक टोक के आ जा सकेंगे।
बता दें कि अभी तक टैग की सुविधा टोल प्रबंधन द्वारा वीआईपी लोगों को ही मुहैया कराई जाती थी, लेकिन अब इसका लाभ आम लोग भी उठा सकेंगे।
20 किलोमीटर परिक्षेत्र के वाहन होंगे टैक्स मुक्त- औरैया। योजना की खास बात यह है कि टोल प्लाजा के 20 किलोमीटर के दायरे में आने वाले छोटे क्षेत्रीय वाहनों को टैक्स प्रक्रिया से मुक्त करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इससे छोटे वाहन स्वामियों के लिए यह एक राहत वाली बात है।
टोल प्रबंधन से शुरू की जा रही यह योजना एक-दो माह में लागू होने की संभावना है। इस योजना के तहत अब जो भी वाहन स्वामी टैग लगवाना चाहता है, वह निर्धारित बैंकों में जाकर निश्चित शुल्क अदा कर टैग प्राप्त कर सकता है। सत्यवीर सिंह यादव, एजीएम, अनंतराम टोल प्लाजा।