पंजाब नेशनल बैंक की फफूंद शाखा से बहादुर ऊंचा बैंक जा रही कैश वैन का पहिया अचानक फट गया। इससे वैन बेकाबू होकर बिजली पोल से टकराते हुए एक खड्ड में जा गिरी। लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। वैन में सवार मैनेजर, गार्ड और चालक को गंभीर हालत में सीएचसी में भर्ती कराया गया। कैश वैन को कब्जे में लेकर बैंक तक सुरक्षित पहुंचाया।
पंजाब नेशनल बैंक की कैश वैन बुधवार को कैश लेकर कानपुर से फफूंद बैंक आई थी। फफूंद पीएनबी बैंक में पैसा देने के बाद बहादुर ऊंचा बैंक जा रही थी। जैसे ही कैश वैन ऊंचा पुल के पास पहुंची तभी अचानक पहिया फट गया। इससे कैश वैन अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकराते हुए एक खड्ड में जा गिरी।
इससे कैश वैन में सवार बैंक मैनेजर प्रवीन कुमार विश्नोई, गार्ड और चालक गंभीर घायल हो गये। आस-पास मौजूद लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैश को कब्जे में लेकर घायलों को फफूंद सीएचसी में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। पुलिस ने कैश को अपनी मौजूदगी में पीएनबी की शाखा फफूंद में मैनेजर के सुपुर्द कर दी। गनीमत ये रही कि जिस समय कैश वैन विद्युत पोल से टकराई उस समय विद्युत आपूर्ति ठप होने की वजह से बड़ा हादसा टल गया।