औरैया/बिधूना। अबकी एक महीना तेज सहालग है। इस दौरान खूब शहनाई बजेगी। बैंड-बाजा और बरात का शोर होगा। इसी के चलते बाजार में रौनक छा गई है।
व्यापारी भी अच्छे कारोबार की उम्मीद लगाए हैं। सबसे ज्यादा रौनक कपड़ों के बाजार में है। दुकानदार नई वैराइटी के साथ दुकान सजा चुके हैं।
सोमवार से सहालग शुरू हो चुकी है। बाजार में फैंसी साड़ियों की मांग बढ़ी है। दुकानों में तरह-तरह की फैंसी साड़ियों व लहंगे के स्टॉक उपलब्ध हैं।
उधर, बिधूना में फीडर रोड, कपड़ा बाजार व सर्राफा बाजार में ग्राहकों की चहल पहल बढ़ गई है। फीडर रोड के वस्त्र व्यवसायी शशिकांत भदौरिया, रिजवान सिद्ददीकी, मुनव्वर सिद्दीकी का कहना है कि इस समय वर्क वाली सिल्क साड़ियों की मांग बढ़ी है। वर्क वाली साड़ियां 500 से 3000 और सिल्क की साड़ी के रेट 400 से 4000 तक हैं।
वहीं, लहंगे की वैराइटी पांच हजार से शुरू है। रिजवान सिद्दीकी का कहना है कि शादी में लहंगे की अधिक मांग होती। लोगों की पसंद को ध्यान में रखते हुए इस बार नए डिजाइन के फैंसी लहंगे मंगाए गए हैं।
बाजार अच्छा होगा
कपड़ा व्यापारी शशिकांत भदौरिया ने बताया कि सहालग का बाजार अच्छा होगा। बाजार रफ्तार पकड़ रहा है। फैंसी साड़ियों की मांग अधिक है। गर्मी को देखते हुए साड़ियों को मंगाया है। गर्मी में फैंसी और हल्की साड़ी लोग अधिक मांगते हैं।
मांग अधिक है
शिवम गुप्ता ने बताया दुल्हन के लिए फैंसी लहंगा मंगाया है। इसकी मांग अधिक है। सहालग के सीजन को देखते हुए तैयारी पूरी है। बाजार में दो दिन से चमक आ गई है। इस बार दो माह बाजार में अच्छा व्यापार होगा।