औरैया। मुरादगंज-अयाना मार्ग से रहटोली जाने वाली जर्जर सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाएगी। इसके लिए लोक निर्माण विभाग की ओर से 32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
लंबे समय से खराब हालत में पड़ी इस सड़क के दुरुस्त होने से क्षेत्र के लगभग 10 गांवों के लोगों को राहत मिलेगी। यह मार्ग रहटोली के साथ-साथ नगला हरी, भीखमपुर, पुरवा गंगादास, सुभाषपुर, हरपुरा, ककराही, सलेमपुर, नरायनपुर और रामनगर जैसे गांवों को मुरादगंज व अयाना से जोड़ता है।
सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि जगह-जगह गड्ढे बन गए थे, इससे आए दिन दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात में कीचड़ और सर्दियों में धूल उड़ने से राहगीरों की दिक्कत और बढ़ जाती थी।
लगभग पांच हजार की आबादी इससे प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी मार्ग से बच्चे स्कूल जाते हैं, किसान अपनी उपज मंडी तक पहुंचाते हैं और मरीज अस्पताल आते-जाते हैं। सड़क खराब होने के कारण समय के साथ-साथ किराये और ईंधन का खर्च भी बढ़ रहा था। कई बार शिकायत के बाद अब जाकर मरम्मत का रास्ता साफ हुआ है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी होते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। सड़क की सतह को मजबूत कर गड्ढों को भरा जाएगा और आवश्यक स्थानों पर लेयर डालकर इसे टिकाऊ बनाया जाएगा। लाेक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अमर सिंह ने बताया कि प्रस्ताव को स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही मरम्मत कार्य शुरू कराया जाएगा।