नगर पालिका परिषद की ओर से गांधी जयंती पर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि लालजी शुक्ला ने रैली को झंडी देकर रवाना किया।
शुक्ला ने कहा कि स्वच्छता अपनाने से बीमारियां दूर रहेंगी। साथ ही आस-पास का वातावरण भी अच्छा रहेगा। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा गांधी जी के स्वच्छ भारत के सपने को पूरा करने को चलाए जा रहे अभियान में पूरा योगदान देने की अपील की।
इसके बाद रैली में शामिल नगर पालिका इंटर कालेज के बच्चे हाथों में स्वच्छता अभियान संबंधी तरह-तरह के स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लेकर शहर में भ्रमण को निकले।
रैली नगर पालिका इंटर कालेज से शुरू होकर सुभाष चौक, संजय गेट, बजरिया, गुमटी मोहाल, लेडीज मार्केट होते हुए सदर बाजार होमगंज पहुंची और तहसील चौराहा होते हुए वापस नगर पालिका इंटर कालेज पर समाप्त हुई। अधिशासी अधिकारी राधा तिवारी ने आभार जताया।